भारत का अगला क्रिकेट मैच: चैंपियंस ट्रॉफी और इंग्लैंड के खिलाफ वन-डे के लिए कुछ ऐसी हो सकती है भारतीय टीम।
बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टूर्नामेंट भारत की करारी हार के साथ समाप्त हो चुका है। अब सभी का ध्यान इसी महीने से शुरू होने वाले इंग्लैंड के खिलाफ वन-डे और अगले महीने पाकिस्तान में होने जा रहे चैंपियंस ट्रॉफी के टूर्नामेंट को लेकर है। यानी कि देखा जाए तो भारत का अगला क्रिकेट मैच सभी के लिए उम्मीदों से भरा होगा. इन दोनों टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का चयन होना बाकी है।
सूत्र बता रहे हैं कि 6 फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ होने जा रहे 3 वन-डे मैचों के लिए भारतीय टीम का चयन जल्द ही होने वाला है। इसके साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी टीम का चयन साथ में होना बताया जा रहा है। बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के परिणाम में हुए इतने बड़े उलट-फेर के बाद यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि टीम में कई बड़े बदलाव चयनकर्ताओं द्वारा किए जा सकते हैं।
रोहित-कोहली की जगह रहेगी बरक़रार
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली 3-1 की करारी हार और उसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली के निराशाजनक प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट प्रशंसकों के साथ-साथ मीडिया हाउस भी इस बात को हवा दे रहे हैं कि चयनकर्ता इन दोनों सीनियर खिलाडियों को टीम से बाहर कर सकते हैं। पर, ऐसा कुछ भी नहीं होने जा रहा है। पहला कारण तो यह है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली इतने सालों से टीम की ताकत बने हुए हैं। एक-दो सीरीज के आधार पर इन्हें बाहर नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें – बॉर्डर-गावस्कर में मिली हार ने टीम इंडिया में चल रही कई बातों को सामने लाया है।
दूसरा कारण यह है कि चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। ICC के इतने बड़े टूर्नामेंट में BCCI इतना बड़ा रिस्क नहीं ले सकती। इस आधार पर इन दोनों खिलाडियों के नाम इस टूर्नामेंट की लिस्ट में पक्का है। इसके बाद यह भी तय है कि इंग्लैंड के खिलाफ 6 फरवरी से शुरू होने जा रहे 3 वन-डे मैचों की श्रृंखला में भी रोहित और विराट का खेलना तय माना जा रहा है।
स्पिन गेंदबाजी में भी हो सकते हैं बड़े बदलाव
चैंपियंस ट्रॉफी के साथ-साथ इंग्लैंड के खिलाफ होने जा रहे 3 मैचों की श्रृंखला के लिए जो टीम चुनी जाएगी उसमें इस बात की बहुत अधिक संभावना जताई जा रही है कि रवीन्द्र जडेजा टीम का हिस्सा नहीं हो सकेंगे। चयनकर्ता उनकी जगह अक्षर पटेल को तवज्जो दे सकते हैं। इसके अलावा कुलदीप यादव के फिटनेस को देखते हुए यह लग रहा है कि वाशिंगटन सुन्दर उनकी जगह पर टीम में चुने जाएंगे। आगामी इन दोनों श्रृंखलाओं में स्पिन गेंदबाजी की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है।
मोहम्मद शमी के चयन पर भी है असमंजस बरक़रार
इस बात की बहुत अधिक संभावना जताई जा रही है कि इंग्लैंड के खिलाफ 6 फरवरी से होने जा रहे 3 वन-डे मैचों के लिए मोहम्मद शमी शामिल न हो पाएं। उनके फिटनेस को देखते हुए अभी भी उनके चयन पर संशय बरक़रार है। हालाँकि, इस बात की बहुत अधिक संभावना जताई जा रही है कि चैंपियंस ट्रॉफी के लिए होने वाली टीम की घोषणा में शमी उपलब्ध हो सकते हैं। बताते चलें कि मोहम्मद शमी 2023 में भारत में हुए विश्व कप के बाद से टीम से बाहर चल रहे हैं। अपने घुटने की सर्जरी के बाद वे विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते नज़र आए जहाँ उन्होंने शानदार गेंदबाजी दिखाई।
यह भी पढ़ें – B’Day Boy युवराज सिंह का कैसा रहा है क्रिकेट करियर : Biography
क्या भारत का अगला क्रिकेट मैच यशस्वी, रिंकू, तिलक और श्रेयस अय्यर को देगा मौका?
इंग्लैंड के खिलाफ और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चुनी जाने वाली टीम में यशस्वी जायसवाल का चुना जाना तय माना जा रहा है। यशस्वी ने बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की तरफ से सबसे अधिक रन बनाए हैं। ऐसे में यशस्वी की दावेदारी बहुत मजबूत मानी जा रही है। वहीं, रिंकू सिंह और तिलक वर्मा के बीच चयन को लेकर संघर्ष देखा जा सकता है।
इसमें दोनों का पलड़ा समान रूप से भारी दिख रहा है। वहीं, रणजी और विजय हजारे ट्रॉफी में श्रेयस अय्यर के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ता भारतीय टीम में उनकी वापसी का सोच सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया में नीतीश रेड्डी के प्रदर्शन को देखते हुए भी उनका नाम हवा में है लेकिन अगर टीम में हार्दिक पंड्या चुने जाते हैं तो फिर नीतीश रेड्डी की जगह मुश्किल है। हालांकि, नीतीश को रिज़र्व प्लेयर के तौर पर टीम के साथ में रखा जा सकता है।
कुल मिला कर, भारत का अगला क्रिकेट मैच बहुत रोमांचक होगा. आने वाले इन दोनों श्रृंखलाओं के लिए चुनी जाने वाली टीम दिलचस्प होने वाली है।
